शनिवार, 12 नवंबर 2011

सलमान की लोकप्रियता और हम


शायद इसे ही ‘मिडास टच’ कहा जाता होगा। आज सलमान खान जिस चीज को हाथ लगा देते हैं सोना बन जाती है। हिन्दी सिनेमा के जो फार्मूले आउटडेटेड मान लिए गए थे, सलमान का हाथ लगते ही किशोर दर्शकों की पहली पंसद मान लिए गए। ‘रेडी’ में आखिर कौन सा अजूबा था कि वह 100 करोड़ का व्यवसाय कर सकती थी। दुष्ट चाचा, खूबसूरत भतीजी और उसका रखवाला नायक। पता नहीं हिन्दी में कितनी हजार फिल्में इस कथानक पर बनी होगी, लेकिन उसी पुराने कथानक में सलमान अवतरित होते हैं तो वह कमाई का इतिहास रच देती है। ‘बॉडी गार्ड’, एक अति सामान्य सामान्य छोटी सी कहानी, न तो ‘देवदास’ की तरह भव्य सेट्स, नही ‘ब्लू’ की तरह तकनीक का कमाल, लेकिन कमाई मात्र चार दिनों में 100 करोड़। क्या यह सिर्फ भाग्य का खेल माना जा सकता है, या फिर सलमान के व्यक्तित्व का कोई ऐसा अविश्लेषित पहलू, जिसे सिर्फ और सिर्फ उनके प्रशंसक महसूस कर पा रहे हैं।
‘बाडीगार्ड’ को फिल्म समीक्षकों ने लगभग आम राय से दो से ढाई सितारे दिए, यानि अति सामान्य। कहानी, संगीत, अभिनय, सिवा एक्शन के शायद ही कोई ऐसा पक्ष हो जिसे किसी समीक्षक ने सराहनीय करार दिया हो। समीक्षकों को छोड़ भी दें तो फेसबुक और ट्वीटर जैसे सोशल नेटवर्क साइट पर आम दर्शको की राय भी कुछ अलग नहीं देखी जा सकी। बल्कि यदि कुछ समीक्षकों ने ‘बाडीगार्ड’ में कुछ बेहतर साबित करने की कोशिश की तो लोगों ने अपने कमेंट्स में उसकी खिंचाई भी की। लेकिन ये सारे बौद्धिक विमर्श निरर्थक हो गए, जब फिल्म ने कमाई का इतिहास रच दिया। जाहिर है जब सलमान किसी फिल्म में होते हैं तो वहां फिल्म गौण हो जाती है। सलमान को अपने इस ‘ब्रांड वैल्यू’ का बखूबी अहसास हो गया है, इसीलिए ‘वांटेड’ के बाद उन्होंने अपनी किसी फिल्म को अपने से ‘बड़ा’ नहीं होने दिया है। सलमान की चारों फिल्मों पर गौर करें, चाहें डांस हो, संवाद हो, गीत हो यहां तक कि कहानी में भी कुछ बड़ा फर्क ढूंढ़ना संभव नहीं हो पाता। कहने को चारो फिल्मों के निर्देशक अलग हैं, लेकिन उनके लिए अपने-अपने पात्रों के अनुकूल सलमान गढ़ना असंभव हो जाता है। परदे पर भले ही चुलबुल पाण्डे या लवली सिंह कहे जाते हैं, उनके दर्शक मानते हैं, वे सलमान खान हैं।
हालांकि सफलता सलमान के लिए कोई नई बात नहीं रही है। नायक के रूप में उनकी पहली ही फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ ने उस समय सफलता का इतिहास ही नहीं रचा था बल्कि एक ‘ट्रेंड सेटर’ फिल्म भी साबित हुई थी। जिसने हिन्दी सिनेमा में युवा प्रेम की वापसी की थी। इसके बाद ‘हम आपके हैं कौन’ इससे भी बड़ी हिट साबित हुई, और हिन्दी सिनेमा में परिवार की वापसी का आधार बनी। ‘हम दिल चुके सनम’, ‘तेरे नाम’, ‘चोरी-चोरी चुपके-चुपके’ जैसी दर्जनों फिल्में सलमान के नाम रही है। फर्क सिर्फ यह है कि ये फिल्में दर्शकों द्वारा पंसद की जाती थी, तो मुकम्मल फिल्म के कारण। सलमान फिल्म के एक अंश के रूप में स्वीकार किए जाते थे। ‘हम आपके हैं कौन’ या ‘हम दिल चुके सनम’ के साथ कभी भी सिर्फ सलमान याद नहीं आते। लेकिन सलमान की हालिया हिट में सलमान के अलावा याद करने को कुछ होता ही नहीं। वास्तव में सलमान की हालिया फिल्मों में उनकी ऑफ स्क्रीन और ऑन स्क्रीन छवि गड्ड-मड्ड सी हो जाती है। ‘बीइंग ह्यूमेन’ के गुडमैन को दर्शक लवली सिंह में ढूढते है, जबकि लवली सिंह उन्हें अपनी मुश्किलों में अपने साथ खड़ा दिखता है।
आश्चर्य नहीं कि ‘बाडीगार्ड’ की समीक्षा से नाराज एक पाठक ने टिप्पणी की, ‘क्या आपको सलमान भाई की मासूमियत नहीं दिखती’। सलमान के प्रति उनके प्रशंसकों का यही इमानदार स्नेह है जो उनकी सामान्य फिल्मों को भी व्यवसाय का शिखर उपलब्ध करा देती है। मुश्किल तब होती है जब सलमान, अपनी फिल्मों में अपने ही निर्मित व्यक्तित्व से अलग होने की कोशिश करते हैं। ‘वांटेड’ की अपार सफलता के बाद सलमान की ‘लंदन ड्रीम्स’ आयी, जिसमें वे ऐसे अवसाद ग्रस्त संगीतकार बने थे, जो नशे का आदि हो जाता है। दर्शकों ने उस सलमान को बुरी तरह से नकार दिया, क्योंकि यहां उन्हें सलमान दिख ही नहीं रहे थे, जिसे वे  जानते थे। सुभाष घई जैसे सफल फिल्मकार ‘युवराज’ लेकर आए, तो तमाम मशक्कत के बावजूद भाई से बदला लेने वाले सलमान भाई के चरित्र को दर्शक स्वीकार नहीं कर सके। ‘मैं और मिसेज खन्ना’ में यही सलमान खान और करीना कपूर की जोड़ी थी, लेकिन वहां सलमान की अभिजात्य सज्जनता दर्शकों के गले नहीं उतर सकी। ‘दबंग’ के ठीक पहले अनिल शर्मा की ‘वीर’ आयी, गुलामी के दौर की पीरिएड फिल्म में तमाम एक्शन और पिंडारी डाकुओं के विद्रोही लुक में दर्शकों को अपना सलमान ढूंढना मुश्किल हो गया।
अपना सलमान, मतलब जो एक समकालीन भारतीय सामान्य युवक को प्रतिबिम्बित करता है। उसकी कमजोरियाँ और उसकी अच्छाइयों के साथ। वह अभिजात्य नहीं है, वह चौक के किसी युवा की तरह भदेस बातें करता हॅ । उसकी चारों सफल फिल्मों के संवाद के टोन कमोबेस एक जैसे हैं, किताबी हिन्दी में बड़ी-बड़ी बातें नहीं, बल्कि ‘मैं मारता कम हूँ, धोता ज्यादा हूँ।’ ‘जिदंगी में तीन चीज कभी अंडर इस्टीमेट नहीं करना, आई, मी और माई सेल्फ ।’ जैसे निरर्थक शब्दों की भीड़, जिसका अर्थ आप समझना चाहें तो भी समझ नहीं सकते। वास्तव में सलमान दर्शकों को अपने से श्रेष्ठ समझने का अवसर देते हैं। ये सलमान ही हैं जो अपनी प्रेमिका के बाहों में बाहें पुरे शान के साथ  कह सकते हैं ,मैं माडर्न जमाने का कुत्ता हूं और ये है मेरी कुतिया।
लेकिन इस भदेसपन का एक दूसरा पक्ष यह भी है कि सलमान इसे अपनी पांरपरिक भारतीय पहचान के आड़े नहीं आने देते । ‘दबंग’  में तमाम उच्श्रृंखला के बावजूद दर्शकों को याद उनकी वह पारिवारिक छवि ही रह जाती है, जो अपनी मां से प्यार करता है, सौतेले पिता का भी सम्मान करता है, सौतेले भाई की गलतियां माफ करने को तैयार रहता है, प्रेमिका से विवाह के पहले उसके नशेड़ी पिता की इजाजत जरूरी समझता है। परिवार और भारतीय मूल्यों के प्रति सम्मान सलमान को पारिवारिक दर्शकों के बीच खास पहचान देता है। सलमान कहते भी हैं, परदे पर चुम्बन दृश्य नहीं दे सकता। गौर करें तो सलमान की फिल्मों को हिंसा के कारण भले ही ‘ए’ और ‘यू ए’ सर्टिफिकेट मिलते रहें हों, सेक्स के कारण कभी नहीं मिलें।
लेकिन वाकइ सलमान की सफलता का गणित सहज नहीं । कहने को सलमान की स्वीकार्यता भारतीय समाज में ‘गुड बाय’ की स्वीकार्यता है। लेकिन सलमान के 23 साल के कैरियर पर निगाह डालें तो अभी उनकी जिंदगी में ऐसे अवसर कम ही आए हैं, जब उन्हें ‘गुड बाय’ के रूप में प्रतिष्ठा मिली हो । ‘रैस ड्राइविंग’ कर फुटपाथ पर सो रहे लोगों को कुचल डालने का मामला हो या राज्स्थान में पूज्य माने जाने वाले दुर्लभ प्रजाति के काले हिरण का गला चाकू से रेत डालने का । वास्तव में सलमान की लोकप्रियता कहीं न कहीं भारतीय समाज में अपराध की बढ़ती स्वीकार्यता को भी रेखांकित करती है । सलमान ही क्यों, संजय दत्त के भी कैरियर पर गौर करें तो अवैध  हथियार के आरोप में जेल काटने के पहले और बाद के संजय दत्त की लोकप्रियता में जमीन आसमान का फर्क देखा जा सकता है। छोटा राजन का भाई दीपक निखंज उनके लिए `वास्तव `बनाता है और अचानक संजय दत्त को लोकप्रियता का शिखर हासिल हो जाता है। सलमान खान हिन्दी सिनेमा के शायद ऐसे एकमात्र सितारे होंगे जिन पर एक साथ इतने आरोप और इतने मुकदमें चल रहें हों, सभी के सभी आपराधिक । जिसमें अंडरवल्र्ड से संपर्क रखने के आरोप तक शामिल हैं। 2005 में सलमान खान और ऐश्वर्य राय से बातचीत के टेप जब चैनलों ने प्रसारित करना शुरू किया तो सलमान के प्रशंसक हतप्रभ जरूर हुए। लेकिन उसकी लोकप्रियता अप्रभावित रहीं अंडरवल्र्ड और आंतकियों से साथ रखने के जुर्म में सजा काट रहे फिल्मकार की ‘चोरी-चोरी चुपके-चुपके’ आयी और फिल्म सुपरहिट हो गई। क्या वाकई इतने आपराधिक आरापों के साथ किसी अभिनेता की 70 या 80 के दशक में स्वीकार्यता संभव थी?
सलमान खान को आज जब हम स्वीकार करते हैं तो यह मानने में भी कतई संकोच नहीं करना चाहिए, कि अपराध की स्वीकार्यता हमारी आदत में शामिल हो गई है। भारत में जहां सब कुछ राजनीति से तय हो रहा है, क्या आश्चर्य कि जब करोड़ों का घोटाला करने वाले किसी कलमाड़ी या राजा का कैरियर प्रभावित नहीं होता तो भला सलमान के कैरियर पर कैसे आंच आ सकती है । सलमान भले ही अपनी राजनीतिक सक्रियता के लिए कभी नहीं जाने गए हों,  लेकिन उनका मूलमंत्र जरूर उन्होंने स्वीकार कर लिया कि जनता की नजरों में उठने के लिए जरूरी है खुद को अधिक से अधिक गिरा लेना।
वास्तव में जैसे-जैसे ‘रूल ऑफ लॉ’ खत्म होता जाता है, आम जनता की नजरों में अपराध की स्वीकार्यता बढ़ती जाती है । तमिलनाडु आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात जैसे कुछेक प्रांतों की बात छोड़ दे तो लगभग तमाम हिंदी प्रदेशो खासकर बिहार, उत्तर प्रदेश में हमारी पहली कोशिश होती है कि कानून तोड़ दिया जाय। सड़क पर बायें चलने का मामूली सा कानून भी हमारे लिए सहज नहीं होता, ट्रैफिक सिग्नल का पालन भी हम आसानी से नहीं करते। रेलवे प्लेटफार्म पर टिकट कटा कर जाना या स्लीपर कोच में प्रवेश नहीं करने जैसे कानून की तो हमारे लिए कोई अहमियत ही नहीं है। हिंदी प्रदेशों की जीवन शैली में यह बात शामिल हो गई है । आश्चर्य नहीं कि बिहार, उत्तर प्रदेश मे जो जितना बड़ा लॉ का विरोधी होता है। हमारी नजरों में उतना ही सम्मानित होता है।
सलमान की लोकप्रियता की यह मुख्य वजह भले ही न हो, एक वजह तो जरूर है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आखिर यह भी तो सच है कि सलमान कानून के दायरे में इमानदारी से काम करने वाले पुलिस अधिकारी के रूप में कभी स्वीकार्य नहीं हो सके। ‘सरफरोश’ के आमिर खान जैसे भूमिका में न तो वे कभी देखे गए, शायद न ही देखे जा सकते हैं। ‘गर्व’ में एक कठोर पुलिस अधिकारी के रूप में सलमान खारिज हो जाते हैं, वहीं ‘दबंग’ के चुलबुल पाण्डे को लोग सर आंखों पर बिठा लेते हैं, क्योकि वह अपना कानून खुद बनाता है।
सलमान के प्रशंसक, सलमान को, सलमान की शर्तो पर ही स्वीकार करते हैं सोमी अली, संगीता बिजलानी, ऐश्वर्य राय, कटरीना कैफ जैसी न जाने कितनी लम्बी प्रेमिकाओं की लिस्ट के बावजूद सलमान के प्रशंसकों को उसकी ‘मासूमियत’ ही दिखती है। उन्हें लगता है सबों ने सलमान भाई को धोखा दिया है। प्रेमिकाओं से जिस बदतमीजी के लिए सलमान की आलोचना होनी चाहिए, उनके प्रशंसकों के सामने उनका कद बढ़ा देती है। क्यों नहीं माना जाय कि सलमान का उज्जडपन युवकों को संतोष देता है, तो लड़कियों को उसमें प्रेम की इंतहा दिखाई देती है । उन्हें सलमान में एक ऐसे युवक  की छवि दिखाई देती है जो अपने प्रेम के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।
अपनी उज्जड्ड छवि को अपनी यू.एस.पी. बनाने की राह सलमान को दक्षिण से मिली । हिन्दी सिनेमा की परम्परा में नैरेशन और मैसेज एक महत्वपूर्ण पक्ष हुआ करता था। बदलते समय में जब सिनेमा के दर्शक बदले, मध्यवर्गीय परिवार ने सिनेमाघरों से किनारा कर अपने को टेलीविजन के हवाले कर दिया। मल्टीप्लेक्स उच्च वर्ग का केन्द्र हो गया। दूसरी ओर सिंगल थियेटर निम्न आय वर्गीय श्रमिक, किशोरों और छात्रों के भरोसे रह गए जिनका  विचारों के प्रति कोई खास आग्रह नहीं था। इन्हें मतलब था अपने मनोरंजन से। सिनेमा जो कभी भावनात्मक सुख देता था, समय ने उसे ‘टाइमपास’ बना दिया। सलमान ने इसके लिए दक्षिण से ‘टेस्टेड’ फिल्मों की खेप लायी, ‘वांटेड’ से लेकर ‘बाडीगार्ड’ तक। सभी फिल्में ऐसी थी जो दक्षिण में हिट हो चुकी थी। सलमान को दक्षिण की फैन फैलोइंग का निश्चित रूप से अहसास था कि वहां रील लाइफ और रियल लाइफ में प्रशंसक फर्क नहीं करते। इसी को ध्यान में रख इन फिल्मों में पात्रों के बजाय सलमान खान को स्टैबलिश करने की सफल कोशिश की, कमोबेस रजनीकांत की तरह। आश्चर्य नहीं कि सलमान कभी मंहगी वस्तुओं का विज्ञापन भी नहीं करते नहीं दिखते,शायद उन्हें लगता है कि इससे अपने दर्शकों के बीच वे पराये हो जायेंगे।।
निश्चित रूप से सलमान की लोकप्रियता सिनेमा के व्यवसाय के लिए चाहें जितना बेहतर संयोग ही, सिनेमा के भविष्य के लिए तो कतई बेहतर नहीं। क्योंकि ऐसी लोकप्रियता हमेशा कमजोर फिल्मों की राह सुगम बनाती है।

मंगलवार, 25 अक्टूबर 2011

दिपावली का उत्साह बांटने आ रही रा.वन


समय ने त्योहारों के मायने बदल दिये हैं ।दिपावली की पहचान अंधकार पर प्रकाश के विजय के रुप में थी। अमावस्या में दीये की रोशनी सिर्फ रात के अंधेरे ही दूर नहीं करती थी,मन के अंधेरे कोनों को भी रोशन करती थी। लेकिन आज दिपावली का सीधा सा अर्थ बाजार हो गया है। महत्वपूर्ण यह नहीं कि आप कितने दिये रोशन कर रहे हैं,महत्वपूर्ण यह है कि दिपावली पर कितने की खरीदारी कर रहे हैं। जाहिर है खरीदारी के इस महापर्व के अवसर का लाभ उठाने में सिनेमा क्यों चूकता। पहले दिपावली के दृश्यों वाली फिल्म दिवाली के अवसर पर रिलीज होती थी तो उसका एक मतलब समझ में आता था। अपने त्योहार में अपने नायकों या कहे पात्रों को शामिल देख दर्शकों को अच्छा भी लगता था। लेकिन हिन्दी सिनेमा की इस सीधी सी समझ को बदल डाला `दिलवाले दुल्हनिया ले जायेगें` की ऐतिहासिक सफलता ने। दिवाली के अवसर पर     `दिलवाले दुल्हनिया ले जायेगें` का रिलीज होना भले ही संयोग रहा हो ,लेकिन जैसे जैसे यह फिल्म सफलता के नए मानदण्ड रचते गई, फिल्मकारों के मन में यह आस्था मजबूत होते गई कि दिवाली फिल्में की सफलता की राह सुगम बनाती है। उनकी इस आस्था को बाद के दिनों में  दिवाली के अवसर पर रिलीज होने वाली `कुछ कुछ होता है`, `मोहब्बतें`, और `वीर जारा` जैसी फिल्मों की सफलता ने और भी मजबूती दी। इतनी मजबूती कि वे दिवाली के ही अवसर पर रिलीज होने वाली अशोका की असफलता भी भूल गए।
          वास्तव में दिवाली भारत के एक बडा त्योहार अवश्य है। ऐसा त्योहार जिसे लोग धन की देवी से भी जोडकर देखते हैं। लेकिन इससे फिल्मों की सफलता को जोडकर देखा जाना सिवा हिन्दी फिल्मकारों के अंधविश्वास के सिवा और कुछ नहीं, ठीक वैसे ही जैसे कुछ फिल्मकारों केलिए अंग्रेजी का के शुभ होता है तो कोई किंग में दो जी जोडकर सफलता सुरक्षित कर लेना चाहता है।सच यही है कि सफलता न तो दिवाली की मोहताज होती है ,न ही किसी टोटके की। यदि फिल्म अच्छी हुई सफलता हर मौषम में गारंटेड होती है। अब इस अच्छी का मतलब भी समय के अनुसार बदलते रहे हैं। दर्शक को क्या अच्छा लग सकता हा यह अभी तक कोई नहीं तय कर सका है। उसी हिन्दी दर्शक को `मर्डर` भी पसंद आती है और `ब्लैक` भी। `दबंग` भी और `देल्ही बेली`भी। हिन्दी दर्शकों की पसंद को फार्मुले में बांधना संभव ही नहीं।मोटामोटी जो फार्मूला दिखता है सिर्फ यह कि उनहें एक कहानी अवश्य चाहिए,और कहानी कहने के प्रति ईमानदारी। दर्शकों को जब भी चमत्कृत करने या भरमाने की कोशिश हुई दर्शकों ने उसे पूरी तरह नकार दिया है। 2009 में दिवाली पर अब तक की सबसे बडे बजट की हिन्दी फिल्म रिलीज होती है `ब्लू`,इसके साथ ही आती है सलमान खान और करीना कपूर की `मैं और मिसेज खन्ना` ,दोनों ही फिल्में बुरी करह फ्लाप होती है। और हिट होती है एक सामान्य सी कामेडी आल द बेस्ट। इसी तरह 2008 में अक्षय कुमार की `चांदनी चौक टु चाइना` धूमधाम से आती है और बुरी तरह फ्लाप कर जाती है ,इसी के साथ आई `युवराज` को भी दिवाली का लाभ नहीं मिल पाता । दिवाली का लाभ मिलता है `गोलमाल रिटर्नस` को।क्या वाकई `गोलमाल रिटर्नस` की सफलता का दिवाली से कोई सरोकार हो सकता है।
          लेकिन हिन्दी सिनेमा तर्क करना नहीं जानती न तो रील लाइफ में ,न ही रीयल लाइफ में। इसीलिए इस तरह के सवालों पर भा यह असुविधा में आ जाती है। दिवाली पर रिलीज `गोलमाल-3` की सफलता उसे उम्मीद देती है वह सही याद रखती है ,इसीदिन रिलीज `ऐक्शन रिप्ले`  को भुल जाती है।आश्चर्य तब जरुर होता है जब शाहरुख खान जैसे बडे नाम हिन्दुस्तान की सबसे बडी फिल्म बनाते हैं ,उसे अपनी समझ से बेहतर बनाने के लिए हालीवुड के टुकडे पुर्जे भी जोडते हैं ।लेकिन रिलीज के लिए दिवाली ही याद रखते हैं। `रा.वन` का भी दिवाली से कोई सरोकार नहीं ,लेकिन सफलता की चाहत शुक्रवार के रिलीज की परम्परा को तोडते हुए शाहरुख को भी इसे आज ही फिल्म रिलीज करने को उतावला कर देती है कि दिपावली का शुभ सगुन कहीं छूट नहीं जाए। हालांकि इस वर्ष तो इसकी एक व्वहारिक पक्ष भी है। आमतौर पर सिनेमा का वीकएंड तीन दिनों का होता है ,शुक्रवार,शनिवार,रविवार। हाल के वर्षों में सिनेमा का कारोबार इसी तीन दिनों पर आश्रित है।जाहिर है आज याने बुधवार को रीलिज होने से रा.वन का वीकएंड पांच दिनों का हो जाता है। गौरतलब है कि हिन्दुस्तान में अबतक सबसे ज्यादा याने 3500 प्रिंट के साथ रिलीज होने वाली `रा.वन` केलिए इन बढे हुए दो दिनों का व्यवसाय काफी मतलब रख सकता है। हिन्दी सिनेमा के लिए आज एक एक दिन का व्यवसाय कितना महत्वपूर्ण हो गया है यह इससे भी स्पष्ट होता है कि दिवाली में रिलीज की चाहत रखते हुए भी हेमा मालिनी `टेल मी ओ खुदा` और हिमेश रेशमैया `दमादम` के साथ `रा.वन` को पहले दिन चुनौती देने की हिम्मत नहीं जुटा सकते। ये दोनों फिल्में दिवाली के एक दिन बाद याने गुरुवार को रिलीज होंगी। गौरतलब है शुक्रवार की प्रतीक्षा ये दोनों फिल्में भी नहीं करती ,लेकिन पहले दिन रा.वन के सामने खडी भी नहीं होती। सवाल है दिपावली रविवार को पड रही होती क्या तब भी शाहरुख दिपावली के खास दिन की प्रतीक्षा कर पाते ।शायद नहीं क्योंकि तब ईन्हें वीकएंड लंबा होने का लाभ नहीं मिल पाता।
                वास्तव में सिनेमा के लिए महत्व दिपावली का नहीं ,महत्व ईस अवसर पर मिली छुट्टू का होता है।दिपावली से यदि सिनेमा ने सरोकार रखा होता तो दिपावली के दृश्य आज सिनेमा में भूले बिसरे गीत नहीं बन गए होते। दिपावली ही नहीं किसी भी भारतीय त्योहार को सिनेमा मे आज कोई जगह नहीं मिल रही।हां,वेलेन्टाइन डे को जरुर मिल रही है।मुझे याद है दशहरे दिवाली के समय पहले सिनेमा घरों में पुरानी फिल्में चला करती थी। क्योंकि आमतौर पर लोग त्योहारों में स्वयं व्यस्त रहते थे। त्योहारें का मतलब सिनेमा देखना नहीं ,साफ सफाई ,पूजापाठ,  लोगों से मिलना जुलना ,अतिथियों का स्वागत ज्यादा था। लेकिन अब जब खास तौर पर कोई फिल्म दिवाली के दिन का ही इन्तजार करती है तो हमारे लिए खुश होने से ज्यादा सोचने का वक्त है कि क्या वाकइ हमारा अकेलापन इतना बढ गया है कि दिपावली भी सिनेमा घरों में मनाएंगे।
           हम तो चाहेगें रा.वन हिट हो,टेल मी ओ खुदा और दमादम भी। मतलब ये सारी फिल्में अच्छी हो। लेकिन यह भी चाहेंगे ये फिल्में हमारे त्योहारों के उत्साह को हमसे बांटने नहीं लगे।                                        

गुरुवार, 13 अक्टूबर 2011

मंहगी होती फिल्में

80 करोड की ब्लू,70करोड की लव स्टोरी 2050, 60 करोड की जोधा अकबर,और 50 करोड की देवदास अब पुरानी बात हो गई।50 से 60 करोड के बीच बनने वाली दबंग, रेडी, बाडीगार्ड और जिंदगी ना मिलेगी दोबारा भी अब अपने बजट पर शर्मिंदा हो जा सकती है।क्योंकि शाहरुख खान रा.वन लेकर आ रहे हैं।175 करोड ,हिन्दी सिनेमा के लिए अभी तक सिर्फ सुना जाने वाला यह आंकडा साकार होने जा रहा है रा.वन में।आफिसयली फिल्म की लागत की बात हालांकि मजाक में टाल जाते हैं ,लेकिन जानकारों के अनुसार फिल्म की लागत 150 करोड रुपये आंकी जा रही है,इसमें प्रमोशन के 25 करोड जोड दें तो तकरीबन 175 करोड।हालीवुड की अवतार के 237 मिलीयन डालर के मुकाबले 175 करोड रुपये की रकम जरुर छोटी लग सकती है ,लेकिन हिन्दी सिनेमा के यह कितनी बडी है ,यह इसी से समझी जा सकती है कि 2009 के एक आंकडे के अनुसार हिन्दी सिनेमा का कुल वार्षिक टर्नओवर 600 से 800 करोड रुपये आंका गया है।रा.वन का बजट तब और बडा लगने लगता है जब हिन्दी सिनेमा के बाक्स आफिस कलेक्शन पर नजर डालते हैं,जो आमतौर पर 75 करोड पहुचते पहुचते दम तोड देता है।साल भर में बनने वाली 400 हिन्दी फिल्मों में 4 ने यदि 100 करोड का जादुई आंकडा पार कर लिया तो मान लिया जाता है साल सुखद रहा।ऐसे में 175 करोड से फिल्म बनाने की यह नई परंपरा हिन्दी सिनेमा के लिए क्या इत्साह की वजह बन सकती है। सुनने में यह अच्छा लगता है कि बडे बजट पर अब सिर्फ हानीवुड का अधिकार नहीं।हिन्दी सिनेमा ने भी हालीवुड के जूते में पांव डालने की शुरुआत कर दी है। लेकिन चिन्ता इस बात को लेकर जरुर होती है कि क्या हालीवुड की तरह हिन्दी सिनेमा ने भी अपनी वापसी की व्यवस्था कर ली है।हालीवुड यदि एक फिल्म पर 1000 करोड रुपये खर्च करने की हिम्मत जुटा रही है तो इसकी वापसी के वह निश्चिन्त है।इस सुरक्षित वापसी के लिए उसने बडी मेहनत की है। वैश्विक संस्कृति के नाम पर पूरी दुनिया में उसने ऐसी संस्कृति की स्वीकार्यता बनायी है जो हालीवुड तैयार करती है। ईटली,इंग्लैंड और फ्रांस जैसे मुल्कों के सिनेमा ने हालीवुड के सामने पूर्णतया समर्पण कर दिया है। आप किसी भी विदेशी मूवी चैनल पर जाएं वहां सिर्फ और सिर्फ हालीवुड की फिल्में दिखेंगी।आश्चर्य नहीं कि जैसे जैसे हिन्दी सिनेमा में अमेरिकन संस्कृति को स्वीकार करने की प्रवृति बढते जा रही है ,भारत में भी हालीवुड सिनेमा का बाजार बढता जा रहा है।अब तो भारत का शायद ही ऐसा कोई मल्टीप्लेक्स हो जिसके एक दो स्क्रीन पर हालीवुड की नवीनतम फिल्में प्रदर्शित नहीं की जा रही हो। हालीवुड से बच्चों की फिल्म हैरी पाटर आती है और 2000 करोड रुपये का बिजनेस कर जाती है। इसके बरक्स यदि हिन्दी सिनेमा की वापसी की बात करें तो भारत में प्रति 10 लाख लोंगो पर एक स्क्रीन की उपलब्धता कतई संतोष नहीं दे सकती ।जबकि फ्रांस में यही संख्या 77 है और अमेरिका में 117। जब सिनेमाघर ही नहीं तो बाक्स आफिस कलेक्शन आयेगा कहां से।जो सिनेमाघर भारत में हैं भी उनमें से अधिकांस दक्षिण भारत में ही हैं। शाहरुख आश्वस्त हो सकते हैं कि उनकी फिल्में देश के साथ विदेशों से भी कलेक्शन जमा करते रही है।लेकिन वे भूल जाते हैं कि उनकी वही फिल्में विदेशों से भी कलेक्शन ला पायीं जो विशुद्ध भारतीय परिवेश और भारतीय संवेदनाओं पर बनी थी।चाहे वह कभी खुशी कभी गम हो या माई नेम इज खान।रा.वन को शाहरुख भले ही हालीवुड के सुपर मैन की तरह भारत के अपने सुपर मैन को प्रस्तुत करने की कोशिश मान रहे हों ,सच यही है कि यदि शाहरुख अपनी फिल्म की भारतीयता के प्रति इमानदार होते तो पटकथा लिखने के लिए हालीवुड से डेविड बुनुलो को नहीं बुलाते।शाहरुख यहीं नहीं रुके उन्होंने सिनेमेटोग्राफी,संपादन.स्टंट और ड्रेस के लिए भी हालीवुड से ही विशेषज्ञ बुलवाए।छम्मक छल्लो ....जैसे नितान्त चलताउ गाने के लिए भी किसी भारतीय आवाज की अपेक्षा वे हालीवुड के एकोन पर भरोसा करते हैं।जिसे शायद छम्मक छल्लो का अर्थ भी नहीं पता ,उससे भाव लाने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं। लेकिन हिन्दी सिनेमा के साथ यही मुशकिल है,बडा बनने के लिए यह अपनी परंपरा की ओर नहीं देखती,हालीवुड की ओर देखती है। रा.वन की पहली झलक और प्रोमोज को देखते हुए सहज ही हालीवुड से इसकी निकटता महसूस की जा सकती है।सवाल है जब हालीवुडी ऐक्शन औरऐनीमेशन देखना हो तो उसके लिए सीधे हालीवुड की फिल्मों को ही क्यों ना प्राथमिकता दी जाए।जो कहीे अधुक बेहतर फिनिशिंग और नयेपन के साथ सामने आ रही है। बात हालीवुड से प्रभावित होने का नहीं,यह तथ्य है कि हालीवुड जब किसी फिल्म पर खर्च करता है तो उसके बजट का एक बडा हिस्सा कथा,पटकथा और परिकल्पना पर करता है।हालीवुड से जब अवतार या जुरीसिक पार्क आती है तो परदे पर कुछ नया दिखता है,ऐसा जो पहले ना देखा गया ,ना सुना गया। हिन्दी सिनेमा के लिए बजट के भारी होते जाने का अर्थ है,विदेशी लोकेशन,बासी तकनीक और सबसे ज्यादा सितारों के कथित मेहनाताने । अमिताब बच्चन भी स्वीकार करते हैं कि हिन्दी सिनेमा में सबसे कम खर्च लेखकों पर किया जाता है,यह कम बजट के एक प्रतिशत तक हो सकता है।जाहिर है बजट के भारी होते जाने से हिन्दी सिनेमा की मौलिकता और प्रयोगसीलता में कुछ नएपन की उम्मीद नहीं की जा सकती।सिवा इसके कि हालीवुड के कुछ बी ग्रेड नमूने यहां भी दिखने लगेंगे। आश्चर्य नहीं कि हिन्दी में मंहगी फिल्मों का भविष्य कभी बेहतर नहीं रहा। रा.वन के पहले तक हिन्दी की सबसे मंहगी फिल्म मानी जाने वाली ब्लू के लिए लागत निकालना भी मुश्किल हो गया था।इसके पहले लव स्टोरी 2050 भी अपनी भारी भरकम लागत के बावजूद दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पाय़ी। यदि भारी भरकम बजट वाली कोई फिल्म चली भी तो वह थी जोधा अकबर, जिसमें हुआ खर्च कहानी कहने के लिए जरुरी था। वहां बजट दर्शकों को चमत्कृत करने के लिए नहीं था।लेकिन रा.वन या डान-2 के 100 करोड से ज्यादा के बजट की जब बात आती है तो स्पष्ट लगता है ,यह अपनी फिल्म को जोधा अकबर की तरह और भारतीय बनाने के लिए नहीं ,बल्कि हालीवुड के करीब होने के लिए किया जा रहा है। शाहरुख खान कुशल व्यवसायी हैं,उन्हें पता है हालीवुड में भारतीय तडका एन.आर.आई दर्शकों के लिए एक तोहफा हो सकता है।इसीलिए जहां एक ओर रा.वन में नीली आंखों वाला गोरा चिट्टा सुपरमैन दिखता है,वहीं लाल और हरे रंग में भदेश भारतीय दिखती छम्मक छल्लो भी।हो सकता है फिल्म एक बडी हिट भी हो जाए ,लेकिन जहां आरक्षण 75 करोड की कमाई कर ही मुनाफे में चली जाती है वहीं रा.वन को मुनाफे के लिए कम से कम 200 करोड का व्यवसाय करना होगा।जो हिन्दी सिनेमा के लिए नामुमकिन तो नहीं ,मुस्किल जरुर है।भारत जैसे देश में और हिन्दी सिनेमा जैसे अव्यवस्थित उद्योग में इतना बडा जोखिम वास्तव में हिन्दी सिनेमा की पहचान के लिए खतरा भी हो सकता है। सिर्फ इसलिए नहीं कि इतनी बडी रकम की वापसी अनिश्चत है,इसलिए भी कि इस भारी रकम की वापसी सुनिशचत करने के लिए हिन्दी फिल्मकारों के सामने बाजार की शर्तों पर झुकते चले जाने की बाध्यता हो जायेगी। अनुराग कश्यप अपनी फिल्म के लिए विषय और प्रस्तुती का चुनाव अपनी शर्तों पर इसलिए कर पाते हैं कि उन्हें 2 करोड या 5 करोड में फिल्म बनानी है,जिसकी वाहसी के लिए उन्हें सिर्फ एक लाख दर्शक चाहिए। फिल्में कम बजट की बनती हैं तो इसमें प्रयोग और मौलिकता की गुंजाईश बची रहती है, क्योंकि उस पर दर्शकों का दवाब नहीं रहता।लेकिन जैसे जैसे फिल्म का बजट बढता जाता है इसे दर्शकों की चिन्ता बढते जाती है।सवाल ही नहीं कि तब ये फिल्में तारे जमीं पर और देव डी की तरह दर्शकों की पसंद को चुनौती दे सके। बावजुद इसके हमारी दुआ होगी कि रा.वन 300 करोड का व्यवसाय करने वाली ऐतिहासिक फिल्म बने।लेकिन उम्मीद है सफलता के बावजूद हिन्दी सिनेमा इसे शाहरुख खान के शगल के रुप में ही स्वीकार करेगी।यदि इसे सफलता के फार्मुले के रुप में स्वीकार किया जाता है तो यह हिन्दी सिनेमा के व्यवसाय के लिए ही नहीं ,इसकी मौलिकता पर भी भारी पडेगी।

सोमवार, 3 अक्टूबर 2011

बाजार की शर्तों पर रा.वन



‘रा.वन’ शाहरूख खान की फिल्म है, लेकिन शाहरूख खान ‘रा.वन’ नहीं है। यह निगेटिव किरदार फिल्म में अर्जुन रामपाल ने निभाया है, जबकि शाहरूख जी.वन बने हैं, जो ‘रा.वन’ के आतंक से पृथ्वी को मुक्त कराते हैं। कहा नहीं जा सकता कि निगेटिव चरित्र के नाम पर टाइटिल रखने की प्रेरणा उन्हें ‘गजनी’ की अपार सफलता से मिली या भारतीय समाज में बढ़ती नकारात्मक चरित्रों की प्रतिष्ठा से। लेकिन इतना निश्चित है कि अपने इस महत्वाकांक्षी फिल्म में शाहरूख खान किसी जोखिम के लिए तैयार नहीं है। अपनी लम्बी अभिनय यात्रा में शाहरूख खान भारतीय दर्शकों की पसंद का जो कुछ अंदाजा लगा सके, वह सब एक साथ अपने ‘सर्वोत्तम’ रूप में जुटाने की उन्होंने भरसक कोशिश की है, फिल्म के प्रोमोज और फिल्म से जुड़ी खबरों को देखते हुए यह नि:संकोच कहा जा सकता है। शाहरूख के सर्वोत्तम की यह जिद ही मानी जायेगी कि कहने को फिल्म का निर्देशन तो अनुभव सिन्हा ने किया, लेकिन प्रेम दृश्यों की बारी आई तो वे अपने मित्र करण जौहर को नजर अंदाज नहीं कर सके। कहते हैं फिल्म के एक्सन पक्ष को तो अनुभव ने निर्देशित किया लेकिन इमोशनल हिस्से को करण और उनके सहयोगी तरूण मनसुखानी ने पूरा किया। यहां पर हिन्दी सिनेमा के सबसे अनुभवी पटकथा लेखक जावेद अख्तर की बात याद आती है, जो उन्होंने अपनी ही फिल्म ‘रूप की रानी चोरों का राजा’ के जबर्दस्त नाकामयाबी के संदर्भ में कही थी, ‘मैं आपको नाकामयाब फिल्में लिखने के दो तरीके जरूर बता सकता हुँ। सबसे पहले तो आप ये तय कर लीजिये कि आप एक अजीम फिल्म बनायेंगे, दूसरी चीज आज ये तय कीजिये कि वे आपके लिए नहीं होगी, बल्कि आम आदमी के लिए होगी। पहली सूरत में आप उपर की ओर देख रहे हैं दूसरी सूरत में आप नीचे देख रहे हैं। लेकिन दोनों सूरतों में आप गलती कर रहे हैं क्योंकि आप एक ऐसी चीज बनाने जा रहे हैं जो आपके दिल से नहीं निकल रही है।’
‘रा.वन’ का प्रमोशन करते हुए जब शाहरूख खान कहते हैं, मैं साबित करना चाहता हूँ हॉलीवुड के सुपर हीरो की तरह ही भारत के पास अपना सुपर हीरो है, तो मानना पड़ता है यह फिल्म शाहरूख के दिल से निकल रही है। लेकिन भारतीय सुपर हीरो को तैयार करने के लिए जब वे हॉलीवुड से विशेषज्ञों की भीड़ जमा कर लेते हैं तो आश्चर्य होता है कैसा भारतीय सुपर हीरो होगा यह जिसकी नस-नस अमेरिकी विशेषज्ञ तैयार कर रहे हैं। सबसे पहले तो इस तथाकथित भारतीय सुपर हीरो की परिकल्पना ही उन्होंने अमेरिकी पटकथा लेखक डेविड बुनुलो को सौंप दी जिन्होंने कभी जैकी चैन के लिए ‘एराउण्ड द वल्र्ड इन 80 डेज’ लिखी थी। क्या आश्चर्य नहीं कि भारतीय सुपर हीरो की कोई भी छवि उन्हें भारतीय परम्परा में नहीं दिखी? कृष्ण, हनुमान, भीम, अर्जून या गणेश जैसे पौराणिक पात्रों को छोड़ भी दें तो शिवा जी से लेकर चन्द्रशेखर आजाद तक सुपर हीरो की उपस्थिति से भारतीय इतिहास कभी महरूम नहीं रहा। यह भी एक दिलचस्प तथ्य है कि हॉलीवुड अपने सुपर हीरो को परिकल्पित करने के लिए आधार भारतीय सुपर हीरो को ही बनाता रहा है, चाहे वह ‘सुपरमैन’ हो या ‘स्पाइडरमैन’ उसके करतबों में सहजता से भारतीय सुपर हीरो के कारनामों की पहचान की जा सकती है। वास्तव में अमेरिका या कहें पश्चिम के पास सुपर हीरो तो कभी रहा ही नहीं। आज उसी सुपर हीरो को हॉलीवुड हमें अपना कह वापस सौंप रहा है। और उस आयातित सुपर हीरो पर हम भारतीय होने का दम्भ भर रहे हैं। जबकि उसे भारतीय लुक देने की हॉलीवुड तकनीशियनों ने कोर्इ कोशिश भी नहीं की है। प्रोमोज में दिख रहे नीली आखों वाले गोरे चिट्टे सुपर हीरो को आखिर कैसे भारतीय मान लें?
इस कथित भारतीय सुपर हीरो को प्रस्तुत करने में शाहरूख खान भारतीय क्षमता से किस कदर असंतुष्ट थे यह इसी से समझा जा सकता है कि सिनेमेटोग्राफी के लिए उन्होंने हॉलीवुड से निकोला निकोरिनी को बुलाया। सम्पादन की जवाबदेही हॉलीवुड के ही मार्टिन वाल्स को सौंपी। स्पेशल इफेक्टस के साथ सुपर हीरो ‘रा.वन’ और जी.वन के ड्रेस डिजाइन के लिए भी हॉलीवुड के रॉबर्ट कुर्तजमैन की मदद ली। जैसे इतना ही काफी नहीं ‘छम्मक छल्लो....’ जैसे चालू गाने के लिए भी वे किसी भारतीय गायक पर भरोसा नहीं कर सके, और हॉलीवुड के गायक एकोन से उसे गवाया। ‘रा.वन’ को लेकर हॉलीवुड पर निर्भरता का यह चरम ही था कि आमतौर पर गानों की धुन उड़ा लेने वाले बॉलीवुड में उन्होंने ‘दिलबारा....’ के लिए बेनकिंग के गीत ‘स्टैन्ड बाइ मी’ के धुन की राइट्स खरीद कर एक नई शुरूआत की। निश्चय ही यह एक अच्छी शुरूआत मानी जा सकती है, लेकिन सही में क्या संगीत के लिए भी अब हिन्दी सिनेमा को हॉलीवुड का ही मुंह जोहना होगा। क्या वाकई शाहरूख को यह लग रहा है कि जिस इण्डस्ट्री ने उसे इतनी बड़ी पहचान दी, उसका सामर्थ्य उससे छोटी हो गई है?
‘रा.वन’ के लागत की बात हालांकि शाहरूख खान हंसी में टाल जाते हैं लेकिन एक अनुमान के अनुसार पांच साल में बनने वाली इस फिल्म की लागत रिलीज होते होते 175 करोड़ से उपर हो जा सकती है। हिन्दी सिनेमा के लिए इस 175 करोड़ का महत्व इसी से समझा जा सकता है कि इतने में 300 ‘भेजा फ्राय’, 50 ‘तारे जमीन पर’ और 5 ‘दबंग’ आसानी से बन सकती है। इसके पहले तक हिन्दी की सबसे महंगी फिल्म होने का दम्भ भरने वाली ‘ब्लू’ जैसी फिल्म भी दो से ज्यादा बन सकती है। लागत में रजनीकांत के ‘इंधिरान’ यानि ‘रोबोट’ के करीब पहुंच जाने वाली यह फिल्म भी ‘रोबोट’ की तरह ही तमिल, तेलगु और जर्मन में डब हो रही है। लेकिन इतनी लागत के बावजूद जब फिल्म के पहले ही रिलीज पोस्टर पर सीधे-सीधे नकल के आरोप लगते हैं तो आश्चर्य होता है कि आखिर इस खर्च में क्या कोई हिस्सा लेखकों-कलाकारो का भी था, जिनकी मौलिक परिकल्पना, फिल्म को मौलिक स्वरूप दे सकती थी। हॉलीवुड यदि ‘अवतार’ पर खर्च करती है तो उसका खर्च उसकी मौलिकता में दिखता है, वहां ऐसा कुछ दिखता है जो सिनेमा के परदे पर ना तो पहले देखा गया, ना सुना गया। लेकिन ‘रा.वन’ की पहली झलक जब रिलीज की जाती है तो उसमें वर्षों से देखा सुना जा रहा वही ‘छम्मक छल्लो’ दिखायी देता है, वही वस्त्र विन्यास, वही डांस स्टेप्स, वही अदायें आखिर कैसे माना जाय कि ‘रा.वन’ के रूप में शाहरूख खान हिन्दी सिनेमा को जो देने जा रहे हैं वह ‘बॉडीगार्ड’ या ‘दबंग’ से अलग होगी? अपनी-अपनी जगह चुलबुल पाण्डेय या लवली सिंह भी तो किसी सुपर हीरो से कम नहीं दिखते थे।
वास्तव में शाहरूख खान उपभोक्तावाद और खुली अर्थव्यवस्था द्वारा तैयार उस युवा वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं जहां धन ही अन्तिम साध्य होता है। आश्चर्य नहीं कि दिलीप कुमार कहते थे, ‘एक्टिंग को मैं अपना ईमान समझता हूं, धर्म समझता हूं। मुझे लगता है यह मुझे खुदा की नेमत है।’ जबकि शाहरूख खान कहते हैं, ‘मैं अपने रोल को साइनिंग अमाउन्ट से परख लेता हूं। मैं अपनी एक्टिंग में उतने ही इमोशन डालता हूं, जितने पैसे मिलते हैं।’ शाहरूख खान को शर्म नहीं कि वे पैसे के लिए काम करते हैं। वे सार्वजनिक रूप से स्वीकार करते हैं कि पैसे के लिए मैं बारात से लेकर जन्मदिन पॉर्टियों तक में नाच सकता हूं। वे नाचते भी रहे हैं। अपने पिता को उद्धृत करते हुए शाहरूख ने कहा था कि उन्होंने सलाह दी थी, इतना जरूर कमा लेना कि किसी का पैसा देखकर जलन ना हो। शाहरूख ने नहीं बताया कि ये सलाह उनके पापा ने अपने होनहार बेटे को दी थी या ‘सितारे’ को? क्योंकि लाख महत्वाकांक्षी होने के बावजूद कोर्इ मध्यवर्गीय पिता अपने बेटे को यह सलाह देने की हिम्मत तो नहीं ही जुटा सकता। पिता की सलाह हो या नहीं सच यही है कि शाहरूख खान की पहचान ऐसे अभिनेता के रूप में रही है जिसके लिए पैसा ही सबसे महत्वपूर्ण है। जो पैसे के लिए स्टेज पर मिमिक्री भी कर सकता है और समलैंगिक भूमिकायें दोहरा कर दर्शकों को हंसाने की भी कोशिश कर सकता है।
आम तौर पर जब कोर्इ अभिनेता फिल्म निर्माण की ओर कदम बनाता है तो उसकी कोशिश परदे पर कुछ ऐसा साकार करने की होती है जिसे कोर्इ सामान्य निर्माता पूरा करने का जोखिम नहीं उठाना चाहे। आमिर खान मुख्यधारा के लोकप्रिय कलाकारों में रहे, लेकिन फिल्म निर्माण की ओर कदम बढ़ाया तो ‘लगान’ जैसी महागाथा रची और ‘भुवन’ को अमर कर दिया। ‘तारे जमीन पर’ जैसी विलक्षण फिल्म हिन्दी को दी। ‘धोबीघाट’ से लेकर ‘देल्ही बेली’ तक चाहे जैसी भी हो प्रयोग उनकी फिल्मों की पहचान रही है। लेकिन शाहरूख ने शायद कभी चिन्ता नहीं की कि उनकी कोर्इ जवाबदेह छवि दर्शकों तक पहुंच सके। सलमान जैसे अभिनेता भी ‘बीईंग ह्यूमेन’ के ब्रॉड के साथ अपनी सामाजिक चिन्ता जाहिर करते हैं, लेकिन शाहरूख को ऐसी जरूरत कभी महसूस नहीं होती।
वास्तव में ‘रा.वन’ भी शाहरूख खान के लिए हॉलीवुड के बरक्स किसी भारतीय सुपर हीरो को स्थापित करने जैसा आत्मगौरव का मामला नहीं, सीधे-सीधे व्यवसाय का मामला है। आश्चर्य नहीं कि फिल्म के रिलीज के पहले ही फिल्म से जुड़े गेम और उसपर आधारित सामानों की बिक्री के लिए ऑन लाइन दुकानें भी खोल दी गी हैं। शाहरूख खान का अन्तिम लक्ष्य सिनेमा नहीं, कमाई है। सिनेमा बनाना उनके लिए कमाई का एक और जरिया है, बस।
‘रा.वन’ की प्रतीक्षा हम करें जरूर, हिन्दी की सबसे महंगी फिल्म है आखिर। लम्बे समय के बाद शाहरूख खान दिखेंगे परदे पर। अपनी लवर ब्वाय की इमेज से अलग एक्सन अवतार में दिखेंगे शाहरूख। बहुत सारे कारण हो सकते हैं ‘रा.वन’ देखने के। लेकिन किसी भारतीय सुपर हीरो की तलाश वहां करेंगे तो हो सकता है निराशा होगी। क्योंकि वास्तव में शाहरूख ने यह फिल्म दुनियां को किसी भारतीय सुपर हीरो से परिचित कराने के लिए बनायी ही नहीं है। यदि बनाई होती तो फिल्म का नाम निश्चित रूप से नायक के रूप में ‘जी.वन’ होता। बाजार और समय की शर्तों पर ‘रा.वन’ नहीं।